Tuesday, October 13, 2026
News:

सागर में बण्डा जहरीली शराब कांड का 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

मध्य प्रदेश के सागर जिले में बण्डा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से ही लगभग 25 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जहरीली शराब कांड सामने आने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी थाना बारायठा क्षेत्र के हनुमान टोंग मंदिर के पास जंगल में छिपा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बण्डा और बारायठा थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी रवि लखेरा ने पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का देशी कट्टा, जिंदा व खाली कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Brajesh

Email: brajesh.business1919@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp